सचिव ने दिए सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में चल रहे बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों की प्रक्षेत्रवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को संभावित आपात स्थिति पर सतत नजर बनाए रखने, तटबंधों पर आवश्यक बाढ़ संघर्ष सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा जमीनी स्तर पर नियमित आकलन करते हुए किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी मुख्यालय के सहयोग की आवश्यकता हो, वहां तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में मधेपुरा, भागलपुर के राघोपुर, भोजपुर के जवइनियाँ, भागलपुर के संतनगर तथा सारण के सोनपुर दियारा सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर चल रहे कटावरोधी एवं बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों की विस्तार से जानकारी ली गई। इस दौरान भोजपुर जिले के जवइनियाँ क्षेत्र में चल रहे कार्यों व सारण जिले के सोनपुर प्रखंड के सबलपुर-पछियारी टोला के समीप चल रहे कटाव निरोधक कार्यों की भी समीक्षा हुई। सचिव ने स्थल पर सतत चौकसी बरतने तथा हर हाल में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया । इसके अतिरिक्त, भागलपुर अंतर्गत संतनगर ग्राम से संबंधित बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों की समीक्षा हुई, जहां बताया गया कि ग्राम की बसावट गंगा नदी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है तथा फिलहाल नदी द्वारा कटाव की कोई समस्या परिलक्षित नहीं हो रही है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण कुछ स्थानों पर एनएसएल का आंशिक wave wash (क्षरण) हुआ है। सचिव ने स्थिति की सतत निगरानी करें तथा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । बैठक के अंत में, सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण जारी रखें, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तत्परता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बाढ़ अवधि में लोगों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


