केरेडारी में 9 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, ACB ने रंगेहाथ दबोचा

Lok Bimb
3 Min Read

पीसीसी सड़क निर्माण की शेष राशि के भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत, शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

शैलेश सिंह

हजारीबाग: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), हजारीबाग की ट्रैप टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए केरेडारी प्रखंड की कराली पंचायत के पंचायत सचिव तालेश्वर राम को 9,000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पंचायत सचिव ने पीसीसी सड़क निर्माण योजना की शेष राशि के भुगतान के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। ACB की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार केरेडारी प्रखंड के केमो गांव निवासी 78 वर्षीय दिगेश्वर पाण्डेय ने इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत केमो गांव में कालीकरण पीसीसी रोड से देवी मंडप तक पीसीसी पथ का निर्माण स्वीकृत हुआ था। योजना संख्या 26/2024-25 के तहत इस कार्य की प्राक्कलित राशि 3 लाख 38 हजार रुपये थी। इस योजना में दिगेश्वर पाण्डेय सचिव और साधुचरण पाण्डेय अध्यक्ष के रूप में कार्य करा रहे थे। शिकायत के अनुसार, योजना के तहत करीब 2 लाख 84 हजार रुपये का भुगतान हो चुका था। शेष राशि के भुगतान के लिए जब दिगेश्वर पाण्डेय ने पंचायत सचिव तालेश्वर राम से संपर्क किया, तो आरोप है कि उन्होंने भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 9,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पंचायत सचिव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ACB में आवेदन दिया। इसके बाद ब्यूरो की ओर से तकनीकी उपकरणों की सहायता से शिकायत का सत्यापन कराया गया। ACB के अनुसार, सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि हुई। इसके आधार पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए ACB की गठित ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में 28 अक्टूबर को जाल बिछाया। इस दौरान प्राथमिकी में नामजद पंचायत सचिव तालेश्वर राम को शिकायतकर्ता दिगेश्वर पाण्डेय से 9,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ACB की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment