‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत व्यक्तिगत सुरक्षा, माहवारी स्वच्छता और नशामुक्ति का दिया संदेश
फातेह आलम तालझारी
मंडरो : बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मंडरो में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
गुड टच-बैड टच और POCSO अधिनियम की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), बाल विवाह एवं बाल श्रम निषेध कानून तथा किशोर न्याय अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षित स्थिति में सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, दत्तक ग्रहण, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सरकारी सहायता एवं संरक्षण सेवाओं का लाभ उठा सकें।
माहवारी स्वच्छता और नशामुक्ति पर दिया जोर
कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के महत्व को समझाते हुए छात्राओं को स्वच्छता संबंधी जरूरी जानकारी दी गई तथा सैनिटरी पैड का वितरण किया गया। वहीं, नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से ‘एक पौधा बेटी के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मोहम्मद इकबाल, सुपरवाइजर अवधेश कुमार, मंथन संस्था की जूली टुडू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।


