संविधान दिवस पर व्यवहार न्यायालय में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का पाठ, न्यायिक अधिकारियों ने लिया संकल्प

Lok Bimb
4 Min Read

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष ने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ, जिले के प्रखंडों और विद्यालयों में भी हुए जागरूकता कार्यक्रम

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज सुभाष ने न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई तथा संविधान के मूल आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष ने कहा कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च विधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था संचालित करने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक भी है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं अन्य सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। साथ ही संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं उसकी मूल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ करने की प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय संजय कुमार उपाध्याय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम  गुलाम हैदर, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय  शिव करण, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राकेश मिश्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी  सिंधुनाथ लमाये, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक प्रसाद, वरीय सिविल न्यायाधीश आलोक मरांडी, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी रिचेस कुमार, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल-सह-न्याय रक्षक अरविन्द गोयल सहित उनकी टीम, न्यायालय के कर्मचारी एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स उपस्थित थे।

*प्रखंडों और विद्यालयों में भी चला जागरूकता अभियान*

वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पारा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्रों) ने बच्चों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही नागरिकों को मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विशेषकर बच्चों और युवाओं में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहे।

Share This Article
Leave a Comment