राजद के विजयी प्रत्याशियों को दी बधाई, बोले- शिक्षित समाज ने एनडीए की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ दिया जनादेश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए चुनाव परिणाम को एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ शिक्षित समाज का जनादेश बताया है। उन्होंने दशकों बाद राजद के विजयी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार और अनिल झा को विशेष शुभकामनाएं देते हुए मतदाताओं के प्रति आभार जताया। तेजस्वी यादव ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम एनडीए सरकार के कथित भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग, शिक्षकों एवं युवाओं के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई और जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं। उन्होंने इसे बिहार में बदलाव का स्पष्ट संदेश करार दिया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाली, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण तथा सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय के खिलाफ जनता ने अपना संदेश दे दिया है। तेजस्वी यादव ने विधानसभा चुनाव के बाद भोजपुर स्थानीय प्राधिकार उपचुनाव और विधान परिषद चुनावों में एनडीए की हार का उल्लेख करते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को धनबल, मशीनरी और प्रशासनिक तंत्र के इस्तेमाल से जीत मिली थी।
विधान परिषद चुनाव में एनडीए की हार बदलाव का पैगाम : तेजस्वी यादव

Leave a Comment Leave a Comment

