ऐतिहासिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाने और पुस्तकालयों को आपस में जोड़ने पर दिया जोर
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी की दुर्लभ पांडुलिपियों और महत्वपूर्ण पुस्तकों का विभिन्न भाषाओं में अनुवाद कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की विरासत को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाना जरूरी है। सोमवार को लाइब्रेरी से संबंधित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने पुस्तकालय को राज्य के सभी पुस्तकालयों एवं देश के प्रमुख संस्थानों से जोड़ने, रिक्त पदों को भरने और पटना संग्रहालय के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में निदेशक ने बताया कि लाइब्रेरी में प्रतिदिन करीब 150 लोग आते हैं। इस पर राज्यपाल ने आगंतुकों की संख्या बढ़ाने के लिए पटना संग्रहालय के साथ मिलकर प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहार म्यूजियम की तरह खुदाबख्श लाइब्रेरी भी बिहार की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है। यहां उपलब्ध दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकों का महत्व देश-विदेश के लोगों तक पहुंचना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न भाषाओं में अनुवाद होने से शोधार्थियों, विद्यार्थियों, इतिहासकारों और साहित्यप्रेमियों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही पुस्तकालयों के बीच संपर्क बढ़ने से ज्ञान और सूचनाओं का आदान-प्रदान भी आसान होगा। उन्होंने इस धरोहर के संरक्षण के साथ इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया।


