नशे के खिलाफ जागरूकता और पुनर्वास पर जोर, बिहार में 13 नशामुक्ति केंद्र संचालित

Lok Bimb
3 Min Read

नशा मुक्त भारत अभियान पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित, सचिव ने कहा- युवा देश के निर्माण में भागीदार बनें, परेशानी का सबब नहीं

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर रोक लगाने और युवाओं को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को दशरथ मांझी ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने किया। इसका मुख्य विषय ‘नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें’ था। मौके पर सचिव ने कहा कि युवा पीढ़ी देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए, न कि देश के लिए परेशानी का सबब बने। नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को बिहार की जमीनी परिस्थितियों के अनुरूप लागू करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नशा आज राष्ट्रीय स्तर की गंभीर समस्या बन चुका है, जिसके खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यशाला में सामाजिक सुरक्षा निदेशक डॉ. प्रीति ने बताया कि बिहार में वर्तमान में 13 नशामुक्ति केंद्र संचालित हैं। इनके माध्यम से नशे की लत से पीड़ित लोगों के उपचार और पुनर्वास का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नुक्कड़ नाटक, कला जत्था, डिजिटल ई-प्लेज और ऑफलाइन शपथ के माध्यम से जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिला स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों की नियमित निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय समितियां गठित की गई हैं। दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय की निदेशक अंजली शर्मा ने बताया कि राज्य में अब तक करीब 44,755 सरकारी भवनों को दिव्यांगजनों के लिए सुगम्य बनाया गया है। वहीं, 45 वेबसाइटों को भी दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांग एवं विकासात्मक विलंब से प्रभावित बच्चों को शुरुआती उपचार एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में संचालित बुनियाद केंद्रों के माध्यम से सेवाएं देने की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।कार्यशाला में एम्स पटना के डॉ. शम्भू सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने नशे की रोकथाम, उपचार, पुनर्वास, दिव्यांगता और सुगम्य भारत अभियान से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में संयुक्त निदेशक गायत्री कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Share This Article
Leave a Comment