पटना में 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का भव्य समापन, तमिलनाडु तीसरे और साई चौथे स्थान पर

Lok Bimb
5 Min Read


राजगीर में लगेगा भारतीय जूनियर कबड्डी टीम का प्रशिक्षण शिविर, बिहार सरकार उठाएगी पूरा खर्च : रवींद्रण शंकरण

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। स्थानीय पाटलिपुत्र खेल परिसर में बुधवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने हरियाणा को 50-44 अंकों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मुकाबले में राजस्थान ने पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और अंतिम क्षणों में लगातार सुपर टैकल के दम पर जीत सुनिश्चित की। तमिलनाडु ने तीसरा तथा साई की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में 1 से 4 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में राजस्थान और हरियाणा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में राजस्थान ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन हरियाणा ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को ऑल आउट किया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में राजस्थान ने हरियाणा को ऑल आउट कर अंकों का अंतर कम किया, इसके बावजूद हरियाणा 27-22 से आगे रहा। दूसरे हाफ में राजस्थान ने पूरी ताकत के साथ वापसी की। टीम ने लगातार अंक जुटाते हुए हरियाणा पर दबाव बनाया और उसे ऑल आउट कर 38-35 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षात्मक रणनीति का प्रदर्शन किया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में लगातार सुपर टैकल के जरिए अंक हासिल कर राजस्थान ने बढ़त को और मजबूत किया तथा अंततः 50-44 से मुकाबला जीतकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण, निदेशक रवींद्रनाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार एवं चंदन कुमार सिंह, इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के महासचिव तेजस्वी गहलौत, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर, हरियाणा कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुलदीप दलाल तथा उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव चेतन जोशी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। सभी अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने किया। मौके पर रवींद्रण शंकरण ने विजेता, उपविजेता सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जूनियर कबड्डी टीम का आगामी प्रशिक्षण शिविर राजगीर में आयोजित करने के लिए बिहार सरकार तैयार है। शिविर का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। इस घोषणा को बिहार में कबड्डी के विकास और राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

*सेमीफाइनल में राजस्थान और हरियाणा का रहा दबदबा*

फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा ने साई को 46-40 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि राजस्थान ने तमिलनाडु को 52-25 से पराजित कर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।

*क्वार्टर फाइनल में बिहार को मिली हार*

3 नवंबर की देर रात खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में साई ने विदर्भ को 49-26, हरियाणा ने चंडीगढ़ को 51-27, राजस्थान ने मेजबान बिहार को 59-29 और तमिलनाडु ने उत्तराखंड को 40-23 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। चार दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर की टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।

Share This Article
Leave a Comment