नीतीश कुमार की वर्षों पुरानी गाद नीति की मांग को केंद्र ने दी पहल; बाढ़ और खेतों में मिट्टी कटाव की समस्या से मिलेगी राहत
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने आदरणीय नीतीश कुमार को बधाई दी और उन्हें आश्वस्त किया कि बिहार के विकास एवं सुशासन के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों और सपनों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था स्थापित करने और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान सरकार उनके सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वर्षों पुरानी गाद नीति की मांग को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस समझौते के तहत बिहार की विभिन्न नदियों से लगभग 4 लाख घन मीटर गाद निकालने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। गाद निकालने का कार्य मंत्रालय द्वारा किया जाएगा तथा निकाली गई गाद का उपयोग भी किया जाएगा। इस पहल से राज्य में बाढ़ की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ कृषि भूमि में मिट्टी के कटाव को रोकने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसे जल प्रबंधन और किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात कर बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। केंद्रीय रेल मंत्री से दीपावली और छठ पर्व के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पिछले वर्ष की तुलना में अधिक विशेष ट्रेनें चलाने का आग्रह किया गया है। पिछले वर्ष 10 हजार से अधिक जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस वर्ष इससे भी अधिक ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से अयोध्या और सीतामढ़ी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित करने का भी आग्रह किया। इससे भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी सीधे रेल मार्ग से जुड़ सकेंगी।
औद्योगिक विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गया में भाव्या योजना के तहत औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इसी तर्ज पर बिहार के पांच अन्य स्थानों पर भी औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है। मुजफ्फरपुर और दरभंगा के प्रस्ताव पहले ही केंद्र को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रस्तावों को जल्द मंजूरी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योगों के लिए लगभग 13 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अब तक एक हजार से अधिक उद्योगों को जमीन आवंटित की जा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक निवेशकों और उद्यमियों को बिहार में निवेश के लिए आकर्षित किया जाए।
उन्होंने राज्य में तकनीकी विकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में डेटा सेंटर बनकर तैयार हो गया है। वर्ष 2024 में इस परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई थी। पटना में ‘कंट्रोल एस’ के नाम से स्थापित इस डेटा सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री स्वयं कर चुके हैं। उन्होंने इसे राज्य के तकनीकी और औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर बिहार में विकसित किए जा रहे औद्योगिक कॉरिडोर के लिए जल्द पर्यावरणीय मंजूरी देने का आग्रह किया है। इसके साथ ही राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहमति भी मांगी गई है, ताकि अन्य राज्यों की तर्ज पर बिहार में भी सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत आधुनिक इको-टूरिज्म सुविधाओं का विकास किया जा सके।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास, बेहतर आधारभूत संरचना, बाढ़ नियंत्रण, पर्यटन और जनकल्याण के क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
अंत में मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति राज्य के विकास के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण प्रयासों और सहयोग के लिए हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।


