गया जी में ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
गोपाल विद्यार्थी
पटना : कृषि भूमि का संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और किसानों की खुशहाली सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। युवा शक्ति प्राकृतिक खेती अपनाकर कृषि के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखे, जबकि महिला किसान कृषि आधारित रोजगार और उद्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें। ये बातें कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को गया में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित और अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। इसका असर कृषि उत्पादन, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। ऐसे में संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की मांग है। कृषि मंत्री ने युवाओं से प्राकृतिक खेती को अपनाने और इसके प्रति जनजागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला किसानों को खेती के साथ कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, खाद्य उत्पाद निर्माण और विपणन से जोड़कर उद्यमी बनाया जाना चाहिए। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ-जीवन बचाओ’ अभियान का उद्देश्य मिट्टी की सेहत सुधारना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाना है। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर खेती करने से ही किसानों और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा।कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधायक ज्योति देवी एवं रोमित कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर तथा जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।


