संविधान दिवस पर वन प्रमंडल साहिबगंज ने लगाया रक्तदान शिविर, 60 से अधिक लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

Lok Bimb
3 Min Read

वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग की पहल पर आयोजित शिविर में वन विभाग, पुलिस एवं समाहरणालय के अधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को वन प्रमंडल, साहिबगंज की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। वन प्रमंडल कार्यालय की ओर से इस वर्ष आयोजित यह दूसरा रक्तदान शिविर था। इससे पहले आयोजित शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए अस्पतालों और ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि रक्तदान केवल एक मानवीय कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों और अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना कई बार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित होता है। उन्होंने स्वस्थ एवं योग्य लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
रक्तदान शिविर में वन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, पुलिस विभाग और समाहरणालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयास से शिविर सफल रहा। कार्यक्रम में जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे अमित मिश्रा एवं वनपाल राणा रंजीत उपस्थित रहे। वहीं, चिकित्सा दल का नेतृत्व डॉ. मोहन मुर्मू ने किया। उनकी टीम में विजय कुमार, रोशा स्नेहलता मुर्मू, कृतिका कुमारी, निशा कुमारी, मो. अजहर, सत्येन्द्र प्रसाद, चंदन कुमार एवं रेशमा कुमारी शामिल रहे। चिकित्सा दल ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच और रक्तदान की पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया। अंत में वन प्रमंडल, साहिबगंज की ओर से सभी रक्तदाताओं, पुलिस विभाग, समाहरणालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा चिकित्सा दल के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

Share This Article
Leave a Comment