संविधान सभा की ऐतिहासिक तस्वीरों और महत्वपूर्ण जानकारियों के जरिए विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
गोपाल विद्यार्थी
पटना : आईआईटी पटना में गुरुवार को छात्र कार्य विभाग की ओर से संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मौके पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संविधान निर्माण की ऐतिहासिक झलकियों की प्रस्तुति और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ. सुष्मिता पी. के संचालन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति से हुई। छात्र मामलों के डीन प्रो. जिम्सन मैथ्यू ने स्वागत भाषण देते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित किया। गणित विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने संविधान सभा और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा पर विशेष प्रस्तुति दी। उन्होंने दुर्लभ तस्वीरों और महत्वपूर्ण जानकारियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया।संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी ने संकाय सदस्यों, अधिकारियों और विद्यार्थियों को पहले हिंदी और फिर अंग्रेजी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। मौके पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का समापन डॉ. प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान और स्वल्पाहार के साथ हुआ।


