लेदर एवं फुटवियर सेक्टर में निवेश के लिए बिहार तैयार, उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने मेगा लेदर पार्क का किया दौरा

Lok Bimb
2 Min Read

गोपाल विद्यार्थी

पटना :
बिहार में लेदर एवं फुटवियर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में राउंडटेबल बैठक हुई। बैठक से पहले उद्योग प्रतिनिधियों के दल ने इंडस्ट्रियल एरिया, महवल, मुजफ्फरपुर स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज पार्क का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया। बैठक को संबोधित करते हुए माननीया उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उद्योग आसानी से स्थापित हों, सुगमता से संचालित हों और अपने कारोबार का विस्तार कर सकें। यह पार्क बिहार में एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत इकोसिस्टम को लगातार मजबूत कर रहा है। यह पार्क एक समर्पित औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध कराता है, जहां इस सेक्टर का एकीकृत इकोसिस्टम विकसित किया जा सकता है।महवल औद्योगिक क्षेत्र के दौरे के अनुभव को साझा करते हुए एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा ने कहा कि बिहार में विकसित हो रहे औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर का स्तर और उपलब्ध सुविधाएं देखकर हम प्रभावित हुए हैं। पर्याप्त औद्योगिक भूमि और फुटवियर उद्योग के लिए संपूर्ण इकोसिस्टम विकसित करने की संभावनाएं बिहार को इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बनाती हैं। संजय गुप्ता ने कहा कि महवल में उपलब्ध औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को देखकर बिहार में मौजूद संभावनाओं को समझने का अच्छा अवसर मिला। फुटवियर एवं कंपोनेंट्स के विनिर्माण के लिए बिहार में एक महत्वपूर्ण हब के रूप में विकसित होने की क्षमता है। यहां निवेश और विस्तार की अच्छी संभावनाएं हैं और हम इसको आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। बैठक में उद्योग विभाग के सचिव  कुंदन कुमार; बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार; उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता; संयुक्त सचिव खंडेकर श्रीकांत कुंडलिक आदि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment