रांची । झारखंड में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र रांची में विधानसभा मार्च कर रहे हैं। इस दौरान, पुराने विधानसभा भवन से नए विधानसभा भवन जाते समय प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए, जिससे पुलिस को छात्रों पर पानी की बौछार करनी पड़ी। इस बीच, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया है।
छात्रों के मार्च को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर दंगा रोधी उपकरणों से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। उन्होंने छात्रों से शांति मार्च की अपील की है।
विधानसभा घेराव मार्च में भाग ले रहे एक छात्र ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र शांति बनाए रखते हुए विधानसभा की ओर एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे।
इस बीच, भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो भी मार्च में शामिल होने के लिए एम्बुलेंस से झारखंड विधानसभा रवाना हुए हैं। प्रदर्शन के बीच एंबुलेंस से पहुंचे महतो को प्रदर्शनकारी छात्रों ने स्ट्रेचर पर ही कंधे पर उठा लिया।
महतो ने कहा, भूख हड़ताल पर होने के बावजूद मैं यहां आया हूं। वे हमें रोक नहीं पाएंगे। मैं एम्बुलेंस से यहां पहुंचा और अब स्ट्रेचर पर आगे बढ़ रहा हूं। मैं पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर हूं और सरकार को हमारी मांगें माननी ही होंगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सहनशीलता की परीक्षा सरकार न ले।
झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने की अनुमति देगी और आश्वासन दिया कि उनके खिलाफ पैलेट गन, आंसू गैस या लाठीचार्ज का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है। सिंह ने कहा कि पिछले 4 दिनों की चर्चा में सरकार ने अपनी शक्ति के दायरे में आने वाली लगभग सभी मांग मान ली है।
झारखंड विधानसभा कूच के दौरान छात्रों पर पानी की बौछार, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी हिरासत में

Leave a Comment Leave a Comment

