पहाड़िया महिला FPO के निदेशक मंडल ने किया तालझारी FPO का एक्सपोजर विजिट

Lok Bimb
5 Min Read

प्राकृतिक खेती, एकीकृत कृषि, पॉलीहाउस और कृषि आधारित व्यवसाय के सफल मॉडल की ली जानकारी

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : पहाड़िया महिला किसानों को कृषि आधारित व्यवसाय से जोड़ने और कृषक उत्पादक संगठन (FPO) के संचालन की बेहतर जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पहाड़िया महिला एकता कृषक उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक मंडल ने तालझारी एग्रीकल्चर प्रोड्यूसर कंपनी का एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट किया। 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस भ्रमण के दौरान निदेशक मंडल के सदस्यों ने प्राकृतिक खेती, एकीकृत कृषि, आधुनिक नर्सरी और कृषि आधारित व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस कार्यक्रम में पहाड़िया महिला FPO के निदेशक मंडल (BODs) एवं कंपनी के सदस्यों के साथ बदलाव फाउंडेशन की शालिनी और मनोज तथा ट्रेडक्राफ्ट की शेफाली शामिल हुईं। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य तालझारी FPO के सफल कार्य मॉडल को समझना तथा उसके अनुभवों के आधार पर पहाड़िया महिला FPO को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की दिशा में पहल करना था।

FPO के संचालन और व्यावसायिक रणनीतियों पर हुई चर्चा

भ्रमण की शुरुआत निदेशक मंडल की बैठक से हुई। इसमें एक्सपोजर विजिट के उद्देश्यों, तालझारी FPO के कार्य करने के तरीकों, उपलब्धियों और व्यावसायिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान FPO के माध्यम से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और कृषि उत्पादों को व्यवसाय से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं को समझा गया।
इसके बाद टीम ने ग्राम तलबाना पहुंचकर प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से मुलाकात की। किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही उद्यान विभाग की ओर से संचालित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) योजना की जानकारी दी गई। किसानों को योजना के तहत मिलने वाले लाभों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

शेयरधारकों ने बताए FPO से मिलने वाले लाभ

भ्रमण के अगले चरण में तालझारी पंचायत भवन में तालझारी FPO के शेयरधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शेयरधारकों ने FPO से जुड़ने के बाद मिलने वाले लाभों, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अनुदानित दरों पर बीज प्राप्त करने की व्यवस्था के बारे में जानकारी साझा की। इस दौरान किसानों को संगठित होकर कृषि गतिविधियों को व्यावसायिक रूप देने के महत्व से भी अवगत कराया गया।

एकीकृत कृषि मॉडल ने आकर्षित किया

टीम ने तालझारी मिशन स्थित FPO के एकीकृत कृषि मॉडल का भी निरीक्षण किया। यहां मुर्गी पालन, बत्तख पालन और गाय पालन को आपस में जोड़कर संचालित की जा रही कृषि गतिविधियों को करीब से देखा। इस मॉडल के माध्यम से कृषि और पशुपालन को एक साथ जोड़कर किसानों के लिए आय के विभिन्न स्रोत विकसित करने की संभावनाओं को समझा गया।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं के सहयोग से स्थापित मिनी राइस मिल और मिनी फ्लोर मिल के संचालन की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। आगंतुकों ने समझा कि कृषि आधारित प्रसंस्करण इकाइयां किसानों को उनके उत्पादों के बेहतर उपयोग और व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध कराने में किस प्रकार सहायक हो सकती हैं।

पॉलीहाउस और आधुनिक नर्सरी का किया निरीक्षण

एक्सपोजर विजिट के दौरान टीम ने आधुनिक पॉलीहाउस और पॉली-नर्सरी का भी निरीक्षण किया। यहां मिट्टी रहित तकनीक से तैयार की जाने वाली उच्च गुणवत्ता वाली नर्सरी के बारे में जानकारी दी गई। आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग से बेहतर गुणवत्ता वाले पौध तैयार करने और किसानों तक उनकी आपूर्ति करने की प्रक्रिया को देखकर निदेशक मंडल के सदस्यों ने महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

FPO को आत्मनिर्भर बनाने में निदेशक मंडल की भूमिका अहम

भ्रमण के समापन पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पहाड़िया महिला FPO के निदेशकों ने अपने अनुभव साझा किए और इस दौरान मिली सीख पर चर्चा की। प्रश्नोत्तर सत्र में तालझारी FPO के बोर्ड डायरेक्टर ने संगठन को आत्मनिर्भर, मजबूत और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने में निदेशक मंडल की सक्रिय भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर जोर दिया।
उन्होंने FPO के बेहतर संचालन, व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार और किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट का समापन हुआ। इस अवसर पर तालझारी FPO की बोर्ड डायरेक्टर नौमी टुडू और राधा कुमारी, बोर्ड प्रतिनिधि अरुण कटियार तथा 4S India संस्था के प्रिय रंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment