शौच के लिए निकले 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ातलबन्ना गांव में बुधवार रात शौच के लिए घर से निकले 18 वर्षीय युवक विपोल मंडल की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। गुरुवार रात करीब 12 बजे खोजबीन के दौरान घर के पास ही उसका शव मिला। घटना के बाद परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय एवं राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। परिजनों के अनुसार, विपोल मंडल रात करीब 8:30 बजे शौच के लिए घर से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। मृतक की मां संगीता देवी ने बताया कि उनकी बहू ने दरवाजा पीटकर उन्हें जगाया और विपोल के काफी देर से घर नहीं लौटने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग रात करीब 12 बजे उसकी तलाश में निकल पड़े। परिजनों ने आसपास के रास्तों, गलियों और घर के आसपास काफी देर तक खोजबीन की। इसी दौरान घर के पास विपोल का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद गांव में भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि विपोल मंडल की करीब दो-तीन माह पहले कन्हैयास्थान में शादी हुई थी। उसकी मौत के बाद पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चा है। मृतक के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि विपोल की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के गले पर दाग जैसा निशान मिला है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment